निखिल वखारिया
रायपुर। राज्य में सरकार लगातार धर्मांतरण पर सख्ती दिखा रही है। इसके बावजूद अलग-अलग इलाकों से किस्से-कहानियां सामने आ ही जाते हैं। ताजा मामला बिलासपुर का है। यहां एक महिला ने अपने ही पति के खिलाफ उस पर और बच्चों पर दबाव बनाने की शिकायत की है। बात न मारने पर बेल्ट से पत्नी की खूब पिटाई भी की। इसके बाद थाने पहुंचकर उसने न्याय की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर के सिविल लाइंस थाने में इस घटना की शिकायत दर्ज की गई है। महिला ने बताया कि वह दलित समाज से आती है। 2016 में जब शादी हुई, तब पति हिंदू था। शादी भी हिंदू रीति-रिवाज से हुई। कुछ समय बाद पति इसाई धर्म मानने लगा। शादी के बाद तक सब कुछ ऐसे ही चलता रहा। इस बीच दो बच्चे हो गए। इसके बाद पति के व्यवहार में बदलाव आने लगा। इतना कि धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने लगे। पति के दबाव में वह चर्च जाने लगी। प्रार्थना भी करने लगी। मन नहीं लगा, तो धर्म परिर्वतन करने से इनकार कर दिया। इसके बाद से पति प्रताड़ित करने लगा। मारपीट करने लगा। भगवान को शैतान बताकर सारी मूर्तियां घर से बाहर फेंक दी। इस बारे में महिला ने ससुराल वालों को जानकारी दी।मदद नहीं मिली। फिर पति की हरकतों से तंग आकर वह मायके में आकर रहने लगी। इसके बाद भी पति की हरकतों में सुधार नहीं आया। वह दोनों बच्चों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डाल रहा है। इससे महिला परेशान हो गई है। पत्नी ने कहा कि पति की नासमझी और धर्म परिवर्तन के लिए बना रहे दबाव के चलते परिवार तबाह हो गया है। कोई मेरी मदद नहीं कर रहा है। तंग आकर अब पुलिस के पास शिकायत करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इधर पास्टर पर भी आरोप– धर्म बदलवाने डराया, धमकाया
इधर, सकरी थाने में भी धर्मांतरण को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने पास्टर और उसकी पत्नी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम-1968 के तहत जुर्म दर्ज किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, संबलपुरी निवासी उत्तरा कुमार साहू और रामेश्वर साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इनमें से एक निगम की आउटसोर्सिंग कंपनी में सफाईकर्मी है। दूसरा पीडब्ल्यूडी में मजदूर है। दोनों ने मसीही समाज के पास्टर संतोष मोसेस और उनकी पत्नी अनु मोसेस पर ईसाई बनने के लिए दबाव डालने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पास्टर संतोष 2 फरवरी की सुबह 10 से 12 बजे के बीच उनके गांव आए थे। उसने उत्तरा साहू पर जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कर ईसाई बनने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन करने पर उसके साथ सब ठीक रहेगा। नहीं तो प्रभु का प्रकोप पड़ने की बात कहकर डराने लगे। पुलिस मामले में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
बिहान न्यूज़ 24×7