अरविंद कोठारी।
ठाणे: शिवसेना को ठाणे में एक नया ऊर्जावान नेतृत्व मिला है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मनोज तुकाराम शिंदे को ठाणे लोकसभा क्षेत्र का शिवसेना संपर्क प्रमुख नियुक्त किया है। यह नियुक्ति संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर पार्टी तैयारियों में जुट गई है।
संवाददाता अरविंद कोठारी के अनुसार, मनोज शिंदे का राजनीतिक अनुभव बेहद व्यापक रहा है। वह अब तक 5 बार पार्षद रह चुके हैं, साथ ही ठाणे महानगरपालिका में विरोधी पक्ष नेता की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने कांग्रेस के ठाणे शहर अध्यक्ष पद पर भी 3 वर्षों तक सेवा दी है।
हाल ही में विधानसभा चुनावों के बाद, उन्होंने कांग्रेस से नाता तोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शिवसेना की सदस्यता ली और ‘धनुष बाण’ थामते हुए पार्टी में शामिल हो गए।
डैशिंग नेता के रूप में पहचाने जाने वाले मनोज शिंदे को अब शिवसेना ने ठाणे लोकसभा के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह निर्णय उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व विचारधारा और धर्मवीर आनंद दिघे की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ लिया है।
मनोज शिंदे ने इस अवसर पर कहा कि वह पार्टी की दी गई इस नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे। उनका लक्ष्य शिवसेना को ठाणे जिले में और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वह बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व और धर्मवीर आनंद दिघे के “गौर-गरीबों की सेवा ही धर्म है” के सिद्धांतों को आत्मसात कर, दिन-रात मेहनत करेंगे।
शिवसेना के सचिव संजय मोरे ने भी इस मौके पर सुझाव दिया कि पार्टी संगठन की मजबूती के लिए हर महीने कम से कम दो संपर्क दौरे किए जाएं और इनका रिपोर्ट शिवसेना के बालासाहेब भवन में प्रस्तुत किया जाए।
इस नियुक्ति के साथ ही, ठाणे में शिवसेना को एक नया जोश और मजबूत नेतृत्व मिला है, जो आने वाले चुनावों में पार्टी के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
(बिहान न्यूज़24×7 खबरे हमारी, भरोसा आपका)