उमेश सिन्हा-राजपुर(बलरामपुर)
बलरामपुर जिले के राजपुर रेस्ट हाउस में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजपुर ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष अनिल सोनी ने की, जिसमें जिले और ब्लॉक के पत्रकारों की उपस्थिति रही।
इस बैठक में सुदामा राजवाड़े को सर्वसम्मति से ब्लॉक अध्यक्ष और विकास कुमार यादव को उपाध्यक्ष चुना गया। साथ ही अन्य पदाधिकारियों का भी चयन किया गया, जिसमें उमेश सिंह को सचिव, उमेश सिंहा को सह सचिव, अनिल खलखो को कोषाध्यक्ष, अभिषेक सोनी को मीडिया प्रभारी और प्रभुदास मानिकपुरी को सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
जिलाध्यक्ष अनिल सोनी ने बताया कि छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन पत्रकारों को स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, बीमा, शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कार्यरत है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पत्रकारों पर बढ़ते फर्जी मुकदमों को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र लागू करना चाहिए।
जिला प्रवक्ता विश्वास गुप्ता ने कहा कि चाहे ब्लॉक हो या जिला, सभी पत्रकारों को एकजुट होकर अपने हितों के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने भी पत्रकार सुरक्षा कानून की ज़रूरत पर बल दिया।
नव-निर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष सुदामा राजवाड़े ने अपने वक्तव्य में कहा कि सरगुजा संभाग सहित छत्तीसगढ़ में पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं और उन्हें लगातार झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। ऐसे में पत्रकार सुरक्षा कानून बेहद आवश्यक है ताकि पत्रकार बिना दबाव के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
(बिहान न्यूज़24×7 खबरे हमारी,भरोसा आपका)