निखिल वखारिया
– ठाणे महानगर पालिका की लापरवाही से जनता हैरान, अनधिकृत स्कूलों पर कार्रवाई सिर्फ दिखावा?
ठाणे, महाराष्ट्र: ठाणे महानगर पालिका (TMC) द्वारा दिवा प्रभाग समिति की सीमा में चल रहे 67 अनधिकृत स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया गया है। यह जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत सामने आई है। सभी 67 अवैध स्कूलों के संचालकों के खिलाफ फौजदारी मामले भी दर्ज किए गए हैं।

TMC आयुक्त और शिक्षण विभाग ने इन स्कूलों को तुरंत बंद करने और संचालकों से शपथ पत्र जमा कराने का आदेश जारी किया है। इसके अलावा, अनधिकृत स्कूलों के जल कनेक्शन काटने, अतिक्रमण विभाग और टैक्स विभाग द्वारा कठोर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
दूसरी ओर, दिवा में नई अनधिकृत स्कूल का निर्माण जारी!
जहां एक ओर ठाणे महानगर पालिका अवैध स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर दिवा आगासन रोड पर B.R. नगर नाके के पास SMG स्कूल के सामने एक नई अवैध स्कूल का निर्माण तेजी से चल रहा है।
इस विरोधाभास से दिवा और ठाणे की जनता हैरान और नाराज है। एक तरफ कार्रवाई के आदेश दिए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ नई अनधिकृत स्कूलें बेखौफ बन रही हैं।
सरकार की मिलीभगत या प्रशासन की लापरवाही?
ठाणे उपमुख्यमंत्री का गृह नगर है, जहां सरकार खुद ऐसे स्कूलों को बढ़ावा दे रही है—ऐसा सवाल आम जनता के मन में उठ रहा है। क्या ठाणे महानगर पालिका की कार्रवाई केवल दिखावा है? क्या प्रशासन की मिलीभगत से नई अवैध स्कूलें पनप रही हैं?
ठाणे के नागरिक अब ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। देखना होगा कि प्रशासन जनता की आवाज सुनेगा या यह सिर्फ एक और दिखावटी कार्रवाई बनकर रह जाएगी!