निखिल वखारिया।
गरियाबंद, 13 अप्रैल 2025 – छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पति ने चरित्र संदेह के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका ओमिका ध्रुव पांडुका थाने में नगर सैनिक के पद पर पदस्थ थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जंगल में मिला महिला का शव
12 अप्रैल को थाना पांडुका को सूचना मिली कि ग्राम विजयनगर राउत डेरा के पास सरगी जंगल में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक जयप्रकाश नेताम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बरामद कर पंचनामा व पहचान की कार्रवाई की। मृतका की पहचान ओमिका ध्रुव, निवासी मुरमुरा, थाना पांडुका के रूप में हुई।
प्यार, शादी और अंत में हत्या
पूछताछ में मृतका की मां ने बताया कि ओमिका ने वर्ष 2014 में गांव के ही सोहन राम साहू से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। विवाह के वर्षों बाद पति सोहन राम के मन में पत्नी के चरित्र को लेकर शक पनपने लगा। इसी शक के चलते उसने सुनसान जंगल में ले जाकर गला घोंटकर ओमिका की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सख्त धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी सोहन राम साहू (उम्र 33 वर्ष), निवासी मुरमुरा, के खिलाफ धारा 103(1) भादंवि (हत्या) और अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(vक) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
(बिहान न्यूज़24×7 खबरे हमारी,भरोसा आपका)