राजपुर में आकाश अग्रवाल ने विधिवत रूप से ग्रहण किया जनपद उपाध्यक्ष का पद, विकास कार्यों को लेकर दिखाया संकल्प

उमेश सिन्हा

राजपुर (बलरामपुर)। बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत राजपुर में निर्वाचित जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने मंगलवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अपना पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में जनपद सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

पदभार ग्रहण के पश्चात जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि जनता ने दिल खोलकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान किया, जिसके चलते पार्टी के सभी प्रत्याशियों को भारी बहुमत से जीत मिली है। उन्होंने कहा, “आज मैं भी भाजपा की ओर से जनपद पंचायत राजपुर में उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहा हूँ। यह जनता का भरोसा है, जिसे मैं विकास के रूप में लौटाने का प्रयास करूंगा।”

आकाश अग्रवाल ने क्षेत्रीय भ्रमण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि गांवों में लोगों से मिल रहा समर्थन उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य है – गांवों में तेज़ी से और योजनाबद्ध विकास करना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा एक नई योजना की शुरुआत की जा रही है, जिसमें पहले गांवों की समस्याओं को आवेदन के माध्यम से एकत्र किया जाएगा और तत्पश्चात उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद स्तर पर पांच-पांच पंचायतों का क्लस्टर बनाया गया है। इन क्लस्टरों में मुख्यमंत्री स्वयं दौरा कर सकते हैं, जिसके लिए तैयारी जोरों पर है।

पदभार ग्रहण समारोह में आकाश अग्रवाल ने यह भी उल्लेख किया कि पिछले 5 वर्षों से बंद पड़ी प्रधानमंत्री आवास योजना को भाजपा सरकार ने पुनः प्रारंभ किया है। अब गांव-गांव में आवास निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है।

इस मौके पर जनपद अध्यक्ष विनय भगत, जिला पंचायत सदस्य रवि मरावी, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह सहित सभी नव निर्वाचित जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, पंचायतों के ग्रामीण और जनपद पंचायत के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

नव उपाध्यक्ष ने जनता को विश्वास दिलाया कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप पंचायत क्षेत्र में विकास की रफ्तार अब और तेज़ होगी।

. (बिहान न्यूज़24×7 खबरे हमारी, भरोसा आपका)

Nikhil Vakharia

Nikhil Vakharia

मुख्य संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *